स्थानीय थाने के अंतर्गत एक गांव की नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ चार लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुन्हाना पुलिस ने दो नामजदों सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नाबालिग के पिता ने बताया कि 10 मार्च की शाम उसकी नाबालिग बेटी अपनी भाभी के साथ शौच करने गई थी, तभी वहां अचानक एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आकर रुकी और गाड़ी में सवार लोगों ने उसकी बेटी का अपहरण करके ले गए। उसकी भाभी ने घर आकर जैसे हीं उन्हें इस बात की सूचना दी तो उन्होंने अपने स्तर पर काफी तलाश किया। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। दो दिन बाद उक्त आरोपी रात्रि करीबन नौ बजे एक गाड़ी से बेटी को गांव के नजदीक छोड़कर भाग गए।
इसके बाद उनकी बेटी ने घर पहुंचकर आपबीती बताई। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि गाड़ी में सवार आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत पर हामीद, शौकीन व दो अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।