पीड़ित परिवार से जानकारी लेते विपुल गोयल।
जुनैद हत्याकांड के आठ दिन बाद हरियाणा के उद्योग मंत्री विपुल गोयल पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इस मामले को लेकर सियासी पारा गर्म होने के बाद लगातार सवाल उठाया जा रहा था कि हरियाणा सरकार का कोई प्रतिनिधि खंदावली गांव नहीं पहुंचा। शुक्रवार को उद्योग मंत्री ने जुनैद के परिजनों से मुलाकात की। उद्योग मंत्री के साथ पृथला विधायक टेकचंद शर्मा व भाजपा के जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा भी मौजूद रहे।
22 जून की शाम हुए इस हत्याकांड के बाद लगातार सरकार विपक्ष के निशाने पर है। माकपा, कांग्रेस, इनेलो और आम आदमी पार्टी के अलावा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे तमाम संगठनों के प्रतिनिधि सवाल उठा रहे थे कि केंद्र व राज्य की सरकार में तीन मंत्री जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं लेकिन किसी ने घटना के बाद खंदावली गांव आने की जरूरत नहीं समझी।
हालांकि, शुक्रवार को उद्योग मंत्री विपुल गोयल ने जुनैद के परिजनों से मिलने के बाद उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। गोयल ने कहा कि हरियाणा का भाईचारा और सांप्रदायिक सद्भाव ही यहां की जीवन पद्धति और संस्कृति है।