रेवाड़ी, झज्जर और हिसार के स्कूलों में बच्चों तक फैले कोरोना संक्रमण के बाद हरियाणा सरकार ने स्कूलों को बंद करने का फैसला ले लिया है। कोविड-19 के संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर एवं छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अब सरकारी और निजी स्कूल 30 नवंबर तक बंद रखे जाएंगे।
इस दौरान सभी स्कूल परिसरों को संक्रमण मुक्त करने के लिए सैनिटाइजेशन का कार्य किया जाएगा। यदि आदेशों के बावजूद स्कूल को खोला जाता है या किसी अन्य नियम का उल्लंघन किया जाता है तो स्कूल मुखिया तथा प्रबंधक जिम्मेदार होंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार दोपहर यह आदेश जारी कर दिए। जिसके बाद से सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया। हालांकि अभी तक आदेश 30 नवंबर तक के लिए ही जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि हरियाणा सरकार द्वारा बोर्ड की परीक्षाओं को देखते हुए छात्रों को स्कूल आने के आदेश दिए गए थे। शुरुआत में जहां छात्र सिर्फ परामर्श के लिए पहुंच रहे थे। वहीं अभिभावकों की सहमति पर स्कूलों में नियमित कक्षाएं 2 नवंबर से शुरू की गई।
2 नवंबर के बाद से जिले में दो हजार से ज्यादा की संख्या में छात्र स्कूलों में उपस्थित हो रहे थे। हालांकि अभी तक जिले में छात्रों के भीतर कोरोना संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया था। वहीं बहुत से स्कूलों में शिक्षकों के बीच कोरोना का फैलाव होने का आकड़ा बढ़ा था। गुरुवार को भी जिले में चार शिक्षिकाएं संक्रमित मिलींं।