गुरुग्राम में शुक्रवार को आई तेज बारिश के कारण शहर के विकास कार्य भूकंप की तरह ढहते नजर आए। शुक्रवार रात को गुरुग्राम से बसई की ओर जाने वाली मुख्य सड़क धंस गई। इस कारण सड़क पर करीब दस फीट गहरा गड्डा हो गया।
ट्रैफिक पुलिस ने सड़क को एक तरफ से बंद कर दिया। वहीं दूसरी ओर जीएमडीए, जन स्वास्थ्य विभाग और निगम अधिकारी अपने-अपने दायरे को लेकर पूरा दिन उलझे रहे। आखिर में नगर निगम की ओर से नाला और सड़क को दुरूस्त करने का कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, देर रात को बसई रोड से एक ट्रक, जिसमें करीब दस हजार ईंटें भरी हुईं थी, जो बसई की ओर से जा रहा था। ऑटो मार्केट के पास पहुंचते ही ट्रक के पिछले दोनों टायर सड़क में धंस गए।
इस वजह से सड़क पर करीब दस फीट गहरा गड्ढा हो गया। निगम अधिकारियों के अनुसार, बसई रोड पर बरसाती नाले की मुख्य लाइन जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से डाली गई थी, जबकि सड़क गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण(जीएमडीए) के दायरे में आती है।