इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) में विधानसभा टिकट वितरण के दो दिन बाद ही पार्टी के नेताओं में घमासान शुरू हो गया है। पार्टी के कई नेताओं ने तिगांव से अरविंद भारद्वाज को टिकट दिए जाने का विरोध शुरू कर दिया है।
विरोध करने वाले नेताओं में वीरपाल गुर्जर, जिला पार्षद नाहरसिंह चौहान व बाला चंदीला शामिल है। इस बारे में रविवार को सेक्टर-16 के एक निजी होटल में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई।
जिसमें वीरपाल गुर्जर ने कहा कि पार्टी ने तिगांव हलके से बाहरी उम्मीदवार को टिकट दिया है। जिसके कारण कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। क्योंकि बाहरी उम्मीदवार जीत के बाद क्षेत्र में दिखाई नहीं देते।
जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अलाकमान से मांग की गई है कि तिगांव की टिकट बदली जाए। किसी स्थानीय कार्यकर्ता को वहां से चुनाव लड़वाया जाए। अगर आलाकमान उनकी मांग को नहीं मानती है तो वह कार्यकर्ताओं का सम्मेलन करके उसमे कुछ ठोस फैसला लेंगे।
बाला चंदीला ने कहा कि कई कार्यकर्ताओं ने तिगांव क्षेत्र के सुधार के लिए काफी मेहनत की गई। ऐसे में पार्टी उनके साथ अन्याय नहीं कर सकती। लोगों के भीतर कांग्रेस व भाजपा के प्रति रोष है। ऐसे में सही उम्मीदवार को टिकट देकर चुनाव जीतना चाहिए। इस मौके पर पिंटू व सुभाष पंचम भी उपस्थित रहे।