नई दिल्ली (संवाद)। दक्षिणी दिल्ली स्थित पुष्प विहार सेक्टर 5 के पार्क में हरियाली तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने लोकगीत, नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और बच्चों को प्रशंसा पत्र दिए गए। आयोजक डॉ अनिल गुप्ता ने कहा कि हरियाली तीज सावन का प्रमुख त्योहार है। इस दिन बहन बेटियां मायके आती हैं और झूला झूलने के साथ त्योहार मनाती हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हम कार्यक्रम आयोजित करते हैं।