बेखौफ बाइक सवार तीन बदमाशों ने मंगलवार रात गिझौड़ गांव में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। अवधेश कुमार गिझौड़ में अपनी हार्डवेयर की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।
एसएसपी डॉ अजयपाल शर्मा सहित तमाम बड़े अधिकारी कई थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बना दी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि मूलरूप से फतेहपुर, औरेया के अवधेश नोएडा के सर्फाबाद गांव में परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार रात 9:45 बजे जब वह दुकान से घर लौट रहे थे, तो गिझौड़ शराब ठेके के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने उनसे कुछ कहा और फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलते ही आसपास भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-24 के पुलिसकर्मी घायल व्यापारी को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने चार गोलियां चलाईं। हालांकि पुलिस व्यापारी को दो गोली लगने की बात कह रही है।
अरुण कुमार सिंह, एसपी सिटी ने बताया कि, मृतक से लूटपाट का प्रयास नहीं किया गया। उसकी जेब में रुपये सही-सलामत मिले हैं। आशंका है कि हत्या आपसी रंजिश या किसी और वजह से की गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।