फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी की बेटियों की ऑस्कर अवार्ड तक गूंज

Mon, 11 Feb 2019 07:58 AM IST
राजेश सैनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
working girls
विज्ञापन

लगभग दो साल पहले यूपी के छोटे से जिले हापुड़ में एक समाजसेवी संस्था से जुड़ी कुछ महिलाओं ने एक सपना देखा। सपना था ग्रामीण महिलाओं को माहवारी के दौरान सैनिटरी पैड इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करना। जिला मुख्यालय से लगभग सात किमी दूर गांव काठीखेड़ा से जुड़ी कुछ महिलाओं ने अपने गांव से ही इस सफर को शुरू करने की सोची। इसके लिए गांव में एक छोटी सी निर्माण यूनिट स्थापित की गई। शुरू में कुछ दिक्कतों के बाद जब यह सफर आगे बढ़ा तो दुनियाभर में इनके हौसलों की गूंज हुई। काठी खेड़ा की इन महिलाओं के हौसले को बताती डॉक्यूमेंटरी पीरियड. एंड ऑफ सेंटेंस को ऑस्कर अवार्ड के शॉर्ट सब्जेक्ट डॉक्यूमेंटरी वर्ग में नामांकन मिला है। यही नहीं, इससे जुड़ी दो बेटियां अब ऑस्कर समारोह में भाग लेने के लिए अमेरिका जाएंगी।

विज्ञापन


सामाजिक संस्था एक्शन इंडिया ने काठीखेड़ा में वर्ष 2017 में सबला समिति के बैनर तले सैनिटरी पैड निर्माण यूनिट शुरू करने की योजना बनाई। संस्था से जुड़ी सुमन ने अपने गांव की महिलाओं को इसके लिए प्रशिक्षित करना शुरू किया। पहले तो ग्रामीण महिलाओं ने इस पर बात करने में ही हिचक दिखाई। उसके बाद समस्या थी कि घरवालों को कैसे मनाया जाएगा। सात महिलाओं का एक समूह बना और परिजनों को बताया कि बच्चों से जुड़े  कुछ उत्पाद बनाने हैं और पढ़ाई के साथ दूसरे खर्च पूरा करने के लिए थोड़ी सी कमाई भी होगी। इसके बाद गांव के एक छोटे से कमरे में एक्शन इंडिया के सहयोग से पैड निर्माण यूनिट शुरू हुई।

इसमें प्रतिदिन 600 पैड बनाए जाते हैं जिसमें काम करने वाली सहायिकाओं को महीने में लगभग ढाई हजार रुपये की आमदनी होती है। इन्हीं में से राखी स्नातक तक पढ़ी हुई हैं। उनका कहना है कि पहले तो घरवालों को बताने में बहुत शर्म आती थी। गांव में भी महिलाएं इस बारे में कम ही बातें करती थीं, लेकिन हमें पता था कि सैनिटरी पैड का इस्तेमाल जरूरी है। प्रीति भी पढ़ी लिखी हैं और उन्होंने काम के साथ-साथ दूसरी महिलाओं को इस बारे में जागरूक करना जारी रखा। वक्त के साथ गांव के पुरुषों के सोच में भी बदलाव आया और वह अपनी ओर से आवश्यक सहयोग करने लगे। अब इस समूह में इन दोनों के अलावा स्नेह, अर्शी, रुखसाना, सुषमा और नीशू काम कर रही हैं। नीशू अभी कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। वह अभी इस काम से जुड़ी हैं। नीशू का कहना है कि उन्हें अच्छा लगता है कि जब लोग इस समिति और इसके काम के बारे में जिक्र करते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

गांव में की गई थी फिल्म की शूटिंग
कुछ समय पहले एक्शन इंडिया संस्था के लोगों के साथ फिल्म बनाने वाले कुछ लोगों की यूनिट आई। समिति से जुड़ी युवतियों और महिलाओं का कहना है कि उनके लिए फिल्म में काम करना बिल्कुल अनोखा था। गांव के लोग भी आश्चर्यचकित थे। जब पीरियड. एंड ऑफ सेंटेंस नाम की इस डॉक्यूमेंटरी फिल्म की शूटिंग हो रही थी तो किसी को अहसास नहीं था कि इसकी धूम पूरी दुनिया में होगी। उसके बाद इसे ऑस्कर के लिए चुना गया। उसके बाद लोग गांव में आने लगे, जिससे ग्रामीण खुश हैं। एक युवा अंकित का कहना है कि उन्हें खुशी है कि उनके गांव की बेटियों ने सारे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

बहुत कठिन रहा यह सफर
संस्था की जिले की टीम लीडर शबाना का कहना है कि इसका सफर बहुत कठिन रहा है। जब गांव में यूनिट लगाई गई तो कुछ लोगों ने काफी आपत्ति जताई। यह भी कहा गया कि गांव की भोली महिलाओं को बहकाया जा रहा है। कई बार लगा कि किसी और गांव का रूख किया जाए, लेकिन गांव की सुमन के सहयोग से लोगों को मनाया गया। महिलाओं को समझाने के लिए छुप-छुप कर बात की जाती थी। जब फिल्म बनाने वाली यूनिट ने गांव में संपर्क किया तो साल 2017 में 15-15 दिनों के लिए दो बार शूटिंग हुई। विदेशी मूल के लोगों के आने से गांव के लोग आश्चर्यचकित थे। अब जब फिल्म के बारे में इतनी चर्चा हो रही है तो अधिकांश लोग खुश हैं।

गांव से कोई अमेरिका नहीं गया
ऑस्कर समारोह में भाग लेने के लिए सुमन और स्नेह को अमेरिका जाना है। अभी दोनों वीजा आदि की प्रक्रिया में व्यस्त हैं। सुमन इस समिति में समन्वय का काम करती हैं। वह कहती हैं कि इस काम को इतने दिनों में जाकर बड़ी पहचान मिली है। अब इसे दूसरे गांवों तक भी पहुंचाया जा सकेगा।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें