अगर आप भी खादी कपड़ों और खादी से बने सामान के शौकीन हैं तो सेक्टर-53 स्थित कैप्टन शशिकांत शर्मा पार्क में चल रही हथकरघा वस्त्र प्रदर्शनी में जरूर पहुंचें।
छह फरवरी तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में राज्य के विभिन्न जिलों के आए बुनकर संगठनों ने अपने अपने स्टाल लगाए हुए हैं।
प्रदर्शनी में कुर्ते, शर्ट, ऊनी लोई, सूत की सदरी, साड़ियां, दुतई, खेस, बेड शीट व खादी के वस्त्रों की धूम है। यहां पर मेरठ, बनारस, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़ व मुजफ्फरनगर के बुनकर जुटे हैं।
प्रबंधक बनारसी प्रसाद ने बताया कि बुनकरों को सीधे लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदर्शनी के लिए नि:शुल्क सुसज्जित स्टाल उपलब्ध कराए गए हैं।
यही नहीं ग्राहकों को लुभाने के लिए दस प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। बताया गया कि स्टालों में 15 से लेकर 3,150 रुपये तक के वस्त्र उपलब्ध हैं।
मुजफ्फरनगर से आए बुनकर राकेश, अब्बास अंसारी, शहजाद व शोएब ने बताया कि प्रदर्शनी में खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों की संख्या में धीरे-धीरे इजाफ़ा हो रहा है।