वाराणसी (यूपी) का व्यवसायी पत्नी से थाईलैंड में मौज-मस्ती को छिपाकर रखना चाहता था। वह दो-तीन बार थाईलैंड गया था। पत्नी को इसका पता नहीं चल जाए इसके लिए उसने पासपोर्ट में से थाइलैंड की यात्रा के पेज ही फाड़ दिए थे।
आरोपी की पोल आईजीआई एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय खुल गई जब वह पत्नी के साथ दुबई घूमने जा रहा था। आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामला दर्जकर व्यवसायी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में जमानत पर छोड़ दिया। पुलिस ने पासपोर्ट जब्त कर लिया है। इस कारण दंपती दुबई नहीं जा पाए।
आईजीआई एयरपोर्ट डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि व्यवसायी आकाश वर्मा (29), नई बस्ती, लूसा रोड, वाराणसी के रहने वाले हैं। उनकी पिछले वर्ष ही शादी हुई है और वाराणसी में महिलाओं के शृंगार के सामान का व्यवसाय करते हैं। वह शनिवार को घूमने के लिए पत्नी के साथ दुबई जा रहे थे।
एयरपोर्ट पर जब आकाश वर्मा का पासपोर्ट चेक किया तो पेज नंबर तीन, चार, सात और आठ फटे हुए थे। इन पेजों के नहीं होने का कारण पूछा तो व्यवसायी ने कोई जवाब नहीं दिया। इस पर आकाश वर्मा का रिकॉर्ड खंगाला गया।
इस दौरान पता चला कि वह पांच सितंबर, 2016 को कोलकाता से थाईलैंड गए थे और 16 अगस्त, 2016 को वापस आ गए। इसके बाद 12 जुलाई, 2019 को वाराणसी से थाईलैंड गए और 19 अगस्त को वापस आ गए। रिकॉर्ड सामने आने के बाद आकाश वर्मा ने बताया कि वह शादी से पहले मौज-मस्ती करने दो-तीन बार थाइलैंड गए थे। पत्नी को इसका पता नहीं लग जाए इसलिए पासपोर्ट से थाईलैंड की यात्रा के पेज फाड़े दिए।