वसंतकुंज इलाके में प्रॉपर्टी डीलर ने शनिवार रात को जिम मालिक को गोली मार दी। घायल को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वसंतकुंज(साउथ) थाना पुलिस ने आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जिम मालिक मोहित छाबड़ा (24) वसंतकुंज के कृष्णा ग्रीन अपार्टमेंट में परिवार के साथ पहली मंजिल पर रहता है। जबकि आरोपी प्रॉपर्टी डीलर नीरज तीसरी मंजिल पर रहता है। छत कॉमन है और उस पर सभी जा सकते हैं। मोहित छाबड़ा अपने चार दोस्तों के साथ छत पर पार्टी कर रहा था।
रात करीब 12 बजे नीरज छत पर आया और शोर-शराबा बंद करने को कहा। इस बात पर उसकी मोहित से कहासुनी हो गई। इसके बाद नीरज अपने घर में गया और पिस्टल ले आया। उसने मोहित के सिर में गोली मार दी। परिजन मोहित को पास में स्थित फोर्टिस अस्पताल ले गए।
अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। गोली मारने के बाद आरोपी अपने घर में जाकर बैठ गया। वसंतकुंज (साउथ) थाना पुलिस को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है जब मोहित गार्ड से छत की चाबी मांग रहा था, तब भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी।
अवैध पिस्टल रखता था आरोपी
पुलिस के मुताबिक, नीरज ने मोहित छावड़ा को जिस पिस्टल से गोली मारी है, वह अवैध है। नीरज के पास इसका लाइसेंस नहीं है। वह इस पिस्टल को लेकर अपार्टमेंट में घूमता रहता था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पिस्टल को कहां से लेकर आया था।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी नीरत छत पर आए दिन फायरिंग करता था। उसे पहले भी काफी बार मना किया गया था, मगर वह मानता नहीं था। हालांकि पुलिस को फायरिंग की बात कभी पता नहीं चली।