गुरुग्राम में टोल राशि के लिए बुधवार दोपहर को खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर वाहन चालक और टोलकर्मियों में झड़प हो गई। बिना टैग लगे वाहन के फास्टैग लेन में आने पर टोलकर्मी ने दोगुना टोल मांगा था।
विवाद बढ़ने लगा तो टोलकर्मी ने पुलिस को बुलाने की बात कही। हंगामे की फोटो खींचता देख वाहन चालक ने टोल का भुगतान करने में भलाई समझी। करीब 10 मिनट तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बुधवार दोपहर करीब सवा दो बजे कार चालक ने फास्टैग लेन में लगा दिया जबकि टैग नहीं लगा था। जब चालक टोल प्लाजा पर पहुंचा और बूम नहीं खुला तो टोलकर्मी ने मैनुअल तरीके से फास्टैग स्कैन करना चाहा।
टोलकर्मी ने गाड़ी पर जब फास्टैग नहीं लगा देखा तो उसने चालक से टोल के 65 रुपये के स्थान पर नियमानुसार 130 रुपये का भुगतान करने को कहा। दोगुनी टोल राशि सुनते ही चालक भड़क उठा और चालक के साथ बैठा एक अन्य व्यक्ति नीचे उतर आया और हंगामा करने लगा। उसने टोल राशि का भुगतान करने से मना करते हुए बूम को हटाना शुरू कर दिया।
इस पर टोलकर्मी ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में झड़प हो गई। हंगामा होते देख मौके पर अन्य टोलकर्मी भी जुटने लगे।