गुरुग्राम के पटौदी रोड चौकी से महज 10 मीटर दूरी पर चाय की दुकान चलाने वाले की अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को कंबल से ढंक दिया। मृतक के बच्चे सुबह जब पिता को उठाने आये तो पहले उसे सोया देखकर चले गए।
सुबह करीब 11 बजे मृतक की पत्नी आई तो उसने शव को लहूलुहान अवस्था में देखा। लोगों के शोर मचाने पर पुलिस, चौकी से बाहर आई और शव कब्जे में लिया। मूल रूप से बिहार के दरभंगा निवासी वेदनाथ झा (42) की बहन पिंकी ने बताया कि वेदनाथ पुलिस चौकी के सामने चौटाला टी स्टाल के नाम से चाय की दुकान चलाता था।
रविवार रात को वह टी स्टाल पर सो गया। सुबह करीब 7 बजे वेदनाथ के 2 बच्चे गणेश झा ओर दीपक झा दुकान पर आए और पिता को सोया देखकर वापस चले गए। सुबह करीब 11 बजे बेटी काजल और पत्नी उषा आए, जिन्होंने वेदनाथ को लहूलुहान देख शोर मचाना शुरू कर दिया।
काफी देर बाद भी जब पटौदी रोड चौकी पुलिस बाहर नहीं आई तो लोगों ने चौकी के सामने शोर मचाया। जिसके बाद पुलिस ने बाहर निकलकर घटनास्थल को सील किया और शव कब्जे में लिया। फिलहाल पुलिस मौके पर जांच कर रही है। मौके पर अपराध शाखा को भी बुलवाया गया है।