कनाडा में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक के साथ धोखाधड़ी कर 1.67 लाख रुपये ठगने वाले नाइजीरियाई को गुरुग्राम पुलिस ने बेंगलूरू से गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। आरोपी छात्र वीजा पर चार साल पहले बेंगलूरू आया था और 30 जून को उसका वीजा भी समाप्त हो चुका है।
शनिवार को सहायक पुलिस आयुक्त (सिटी) राजीव कुमार ने बताया कि 4 जून को लक्ष्मण विहार निवासी प्रवीन पाल ने सेक्टर-9ए थाना पुलिस को कनाडा भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने व उनसे 1.67 लाख रुपये ऐंठने का मामला दर्ज करवाया था। जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए बैंक अकाउंट को फ्रीज करवा दिया गया।
इसी दौरान बेंगलूरू पुलिस को केनरा बैंक के खाताधारक ने अकाउंट फ्रीज हेने की शिकायत दी। इस पर बेंगलूरू पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने बेंगलूरू पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मूलरूप से नाइजीरिया निवासी याया याजिद अबोध के रूप में हुई।
आरोपी को अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर गुरुग्राम लेकर पहुंची। शनिवार को टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी चार साल पहले बेंगलूरू की जैन यूनिवर्सिटी में फॉरेंसिक साइंस का कोर्स करने के लिए भारत आया था। यहां वह विषय में फेल हो चुका है।
उसकी वीजा अवधि 30 जून को समाप्त हो गई। आरोपी ने बेंगलूरू में ही केनरा बैंक में अकाउंट खुलवाया हुआ था, जिसमें वह लोगों को झांसा देकर रुपये ट्रांसफर करवाता था। रिमांड के दौरान उसके साथी का पता लगाया जाएगा। आरोपी ने अब तक कितने लोगों को शिकार बनाया, इसकी भी जांच की जा रही है।