गुरुग्राम में जन्मदिन की पार्टी के दौरान झगड़ा हो गया। एक युवक ने दूसरे की छाती और मुंह पर नुकीली चीज से हमला किया। इतना ही नहीं उसने उसकी आंख भी फोड़ दी। आरोपी नवीन नाथूपुर गांव का रहने वाला है। पीड़ित की शिकायत पर डीएलएफ फेज-तीन पुलिस ने मामला दर्ज आरोपी को गिरफ्तार किया है।
10 जुलाई को नाथूपुर चौकी को सूचना मिली थी कि एक युवक झगड़े में घायल होकर अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पीड़ित बयान देने की स्थिति में नहीं था। 12 जुलाई को पीड़ित के बयान लिए तो उसने बताया कि नौ जुलाई को वह अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी के लिए उसके घर नाथूपुर गया था। रात करीब 10 बजे उसके ही गांव का रहने वाले नवीन भी वहां पर आ गया।
आंख पर मारा मुक्का
आरोप है कि वह उनके दूसरे दोस्तों के साथ गाली-गलौज करने लगा था। पीड़ित ने विरोध किया तो उसने गुस्से में आकर उनकी आंख में मुक्का मारते हुए अपनी जेब से नुकीला हथियार निकालते हुए उनके मुंह और छाती पर हमला करना शुरू कर दिया। इसके बाद उनकी आंख से खून निकलने लगा। इसका दोस्त स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल लेकर जाने लगे तो रास्ते में नवीन ने स्कूटी को रुकवाकर रास्ता रोकते हुए धमकी दी की आज तो दोस्तों ने बचा लिया। अगली बार मिला तो जान से मार देंगे।
जिम चलाता है आरोपी नवीन
पीड़ित की स्वास्थ्य जांच से पता चला कि पीड़ित की आंख पूरी तरह से खराब हो गई है। इस पर अन्य धारा भी मामले में जोड़ दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपी ने बताया कि वह नाथूपुर गांव में जिम का संचालन करता है। वहां पर उसकी गाली-गलौज हो गया था। पीड़ित ने इसको समझाने की कोशिश की तो उसने गुस्से में आकर उस पर हमला कर दिया। आरोपी पर झगड़ा करने के दो मामले, अवैध वसूली का एक और जुआ खेलने का एक मामला दर्ज है।