गुरुग्राम में मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। जिले की पुलिस अब तक छह हजार से अधिक लोगों के मास्क नहीं पहनने पर चालान कर चुकी है। दरअसल, कोरोना महामारी के कारण घर से बाहर निकलने पर फेस मास्क का प्रयोग करना अनिवार्य है।
गुरुग्राम पुलिस आयुक्त कार्यालय में डीसीपी मुख्यालय नितिका गहलोत ने बताया कि जिला प्रशासन ने फेस मास्क नहीं पहनने वालों के चालान करने के लिए पुलिस के अलावा सभी सरकारी विभागों के कार्यालय प्रमुखों को अधिकृत किया गया है। गुरुग्राम पुलिस निरंतर फेस मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा गुरुग्राम पुलिस कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए कांटेक्ट ट्रेसिंग का भी कार्य कर रही है। पुलिस को नगर निगम से प्राप्त 1500 व्यक्तियों की सूची में से 1200 को ट्रेस किया है, जबकि 270 व्यक्तियों के फोन नंबर और पते गलत पाए गए।
उन्होंने बताया कि कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए कोरोना संक्रमित मरीजों को अब तक लगभग 5 हजार फोन किए जा चुके हैं, इनमें से एक हजार व्यक्ति ऐसे थे जिनके फोन स्विच ऑफ मिले और फोन नहीं उठाए। इसके बाद पुलिस ने उन व्यक्तियों का फिजिकल वेरिफाई करके उन्हें समझाया गया है कि वे अपना फोन चालू रखें और कॉल आने पर उत्तर दें।