- दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। श्रीलंका के दिगाना में आयोजित जू-जित्सु साउथ एशियन चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि से खिलाड़ियों ने न सिर्फ गुरुग्राम, बल्कि प्रदेश और देश का नाम भी रोशन किया। प्रतियोगिता में पाकिस्तान और श्रीलंका समेत पांच देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, लेकिन गुरुग्राम के खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक और आत्मविश्वास से सबको प्रभावित किया। रोटरी पब्लिक स्कूल के चार खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें गौतम यादव और नव्या ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि नक्ष कुहार और खनक ने रजत पदक हासिल किया।
कोच दीपिका मान ने बताया कि सभी खिलाड़ी पिछले छह महीनों से लगातार कड़ी मेहनत कर रहे थे। अनुशासन और नियमित अभ्यास के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत टीमों को हराना खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। मेडल जीतकर लौटने पर खिलाड़ियों का सेक्टर-22 और पालम विहार में जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।