गुरुग्राम में अंतरजातीय विवाह से नाराज पांच युवकों द्वारा पीटे गए युवक आकाश ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया है। पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 302 जोड़ते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में सामने आया कि जिस ऑटो से आकाश अपनी पत्नी को लेकर ससुराल जा रहा था वह ऑटो आरोपी अजय से टच हो गया था। इस बात को लेकर अजय और ऑटो चालक में बहस हो गई। इस बहस में आकाश कूद गया और उसने अजय को भला बुरा कह दिया। इस बात से नाराज हुए अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। फिल्हाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि मूल रूप से अलवर राजस्थान निवासी आकाश ने करीब पांच महीने पहले गांव बादशाहपुर की एक युवती से अंतरजातीय विवाह किया था। इस बात से बादशाहपुर निवासी मोहित, लालू उर्फ धर्मेंद्र, रवि, द्वारका दिल्ली निवासी पवन, फरीदाबाद के गांव भाकरी निवासी अजय काफी गुस्से में थे।
उन्होंने आकाश को गांव बादशाहपुर में आने पर आकाश को जान से मारने की धमकी दी थी। 8 नवंबर को आकाश अपनी पत्नी को लेकर अपने ससुराल गया था। यहां पांचों ने आकाश को घेर लिया और डंडों व रॉड से पिटाई करने लगे।
आरोप है कि रवि व लालू ने आकाश पर गोली भी चलाई। गोली आकाश को छूते हुए निकल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना में घायल आकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बुधवार को आकाश ने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में धाराओं को इजाद करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो डंडे, एक लोहे का पाइप बरामद किया है।