गुरुग्राम में अब अति सुविधा युक्त सेक्टरों एवं सोसाइटियों के बाद ग्रामीण क्षेत्र और नियमित हुई कॉलोनियों में कोरोना ने दस्तक दे दी है। वर्तमान में पटेल नगर और सोहना इलाके में कोरोना के मामले सबसे अधिक सामने आ रहे हैं। इन दोनों स्थानों पर टेस्टिंग में 10 प्रतिशत से अधिक लोग संक्रमित मिल रहे है।
गुरुग्राम जिला प्रशासन के अनुसार, पटेल नगर में सबसे ज्यादा टेस्ट किए गए हैं जहां संक्रमितों की दर अधिक आ रही है। इस क्षेत्र में गत एक सप्ताह के दौरान टेस्टिंग के दौरान 10 से 20 प्रतिशत लोग कोरोना संक्रमित मिल रहे है। इस क्षेत्र में कोरोना के काफी संख्या में मरीज मिल चुके है। इस कारण प्रशासन ने यहां टेस्टिंग की रफ्तार बढ़ाई है।
उधर, सोहना में भी लगभग एक हजार सैंपलों के टेस्ट में संक्रमण की दर लगभग 10 प्रतिशत आ रही है। इस कारण गत एक सप्ताह से जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा होना आरंभ हो गया है। अब प्रतिदिन सवा सौ से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज सामने आ रहे है, जबकि यह आंकड़ा सौ से नीचे पहुंच गया था। हालांकि, दिल्ली के बाद एनसीआर में गुरुग्राम में पॉजीटिव आने वाले मरीजों की दर 13 प्रतिशत से घटकर 11 प्रतिशत हुई है।
जिले में मई व जून माह के दौरान पॉश इलाकों में कोरोना के मामले सबसे अधिक सामने आए थे, लेकिन अब इन इलाकों में कोरोना के मामले कम हो गए है, जबकि कालोनियों और ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना के मामले आने शुरू हो गए है। इस कारण प्रशासन काफी परेशान है, क्योंकि कालोनियों एवं गांवों में आबादी अधिक है और लोग सावधानी बरतने में लापरवाही करते है। लिहाजा इन इलाकों में कोरोना बढ़ने की आशंका हो गई है।
जिले में बढ़े दो जोन
गुरुग्राम में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के बावजूद हॉटस्पॉट जोन की संख्या में इजाफा हुआ। जिले में हॉटस्पॉट जोन की संख्या 106 हो गए, जबकि जिले में अभी तक 104 जोन थे। हालांकि, गुरुग्राम ब्लाक में हॉटस्पॉट जोन की संख्या इस बार भी कम हुई है।
जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कोरोना के मामलों की समीक्षा की। इस दौरान प्रशासन ने जिले में कई इलाकों को हॉटस्पॉट जोन से बाहर किया, जबकि कुछ नए इलाकों को हॉटस्पॉट जोन में शामिल किया। गुरुग्राम ब्लाक में हॉटस्पॉट जोन की संख्या एक बार फिर कम हुई। इस ब्लाक में जोन की संख्या 97 से कम होकर 95 रह गई है। फर्रुखनगर ब्लाक में अब एक भी हॉटस्पॉट जोन नहीं रहा है। इस ब्लाक में एक हॉटस्पॉट जोन था।
पटौदी ब्लॉक में पहले की तरह अब भी चार हॉटस्पॉट जोन है, वहीं सोहना ब्लॉक में हॉट स्पॉट जोन की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इस ब्लाक में सात हॉटस्पॉट जोन बनाए गए है, जबकि अभी तक इस ब्लाक में दो हॉटस्पॉट जोन थे। इस ब्लाक में गत सप्ताह कोरोना के काफी मामले सामने आए है। ब्यूरो