पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 9:45 बजे सेक्टर-55/56 वाटिका चौक पर ट्रैफिक हेड कांस्टेबल सुनील ट्रैफिक सिग्नल पर तैनात था। उसी समय सिल्वर रंग की एक कार ने ट्रैफिक सिग्नल तोड़ा तो हेड कांस्टेबल ने गाड़ी के आगे खड़े होकर उसे रुकवा लिया। इसके बाद गाड़ी से चालक नीचे उतरा।
हेड कांस्टेबल ने गाड़ी के कागजात मांगे तो उसने कहा कि गाड़ी में मालिक बैठे हैं कागज लेकर आता हूं, इतने में गाड़ी में महिला ड्राइविंग सीट पर आ गई और उसका पति बाजू की सीट पर बैठ गया।
महिला ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। हेड कांस्टेबल ने गाड़ी के आगे खड़े होकर रोकने का इशारा किया। महिला चालक ने गाड़ी रोकने की बजाय उसके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। इससे हेड कांस्टेबल बोनट पर लटक गया। कुछ फीट आगे ही ट्रैफिक पुलिस की बाइक खड़ी होने से महिला ने गाड़ी रोक ली।
हेड कांस्टेबल ने बताया कि गाड़ी रोकते ही महिला चालक और उसका पति गाड़ी से नीचे उतर आए और गालीगलौच करते हुए मारपीट करने लगे। चौक पर शोरशराबा सुनकर क्षेत्रीय अधिकारी ओमप्रकाश आए। इस पर दंपती ने दबंगई करते हुए उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया।
इस दौरान कुछ मीडिया कर्मी मौके पर पहुंच गए। वह जब कैमरे से वीडियो बनाने लगे तो आरोपी दंपती ने कैमरा तोड़ते हुए उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी तरह यह वाकया पूरे आधा घंटे तक चलता रहा। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भी देख लेने की धमकी दी। सूचना के बाद सेक्टर-50 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
ट्रैफिक हेड कांस्टेबल के बयान पर आरोपी दंपती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ट्रैफिक हिमांशु गर्ग के मुताबिक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करा गाड़ी जब्त कर ली गई है।