एंटीजन किट इस्तेमाल के बाद लापरवाही से कचरे में पड़े हुए
- फोटो : सुदर्शन झा
गुरुग्राम में कोविड-19 की जांच के बाद उपयोग में लाई गई एंटीजन किट का स्वास्थ्य विभाग द्वारा उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा है। स्थिति यह है कि रविवार को उपयोग में लाई गई एंटीजन किट पुराने नागरिक अस्पताल परिसर में बिखरी मिलीं।
हालांकि, इस संदर्भ में पूछे जाने पर विभागीय अधिकारियों ने सुरक्षात्मक लहजे में जवाब देते हुए कहा कि बायोमेडिकल वेस्ट रूम की सफाई के दौरान ले जाते समय एंटीजन किट बिखर गई थीं, जिनका सही तरीके से निस्तारण कराया जा रहा है।
कोरोना संक्रमण के दौर में बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण पर की जाने वाली लापरवाही लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकती है। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोविड-19 की जांच में इस्तेमाल की गई रैपिड एंटीजन किट के निस्तारण को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है।
यदि सीएमओ कार्यालय के बाहर इस तरह से एंटीजन किट बिखरी पड़ी हैं तो सोहना व पटौदी के उपमंडल अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट की क्या स्थिति होगी। एक तरफ तो स्वास्थ्य विभाग लोगों को सफाई और स्वच्छता का पाठ पढ़ा रहा है।
वहीं दूसरी ओर सरकारी अस्पताल में ही बायो मेडिकल वेस्ट खुले में फैला मिला। खासतौर पर कोरोना की जांच में प्रयोग होने वाली एंटीजन किट/ग्लब्स का इस्तेमाल के बाद इधर उधर बिखरा होना लोगों के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है। रविवार को पुराने नागरिक अस्पताल में बड़ी संख्या में बायो मेडिकल वेस्ट व कोरोना जांच में इस्तेमाल की गई एंटीजन किट बिखरी हुई दिखी।
बायो मेडिकल वेस्ट रूम खाली करने के दौरान बायोटेक कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही से एंटीजन किट रूम के बाहर बिखर गई थी। जल्द ही कर्मचारियों को बोलकर सुरक्षित ढंग से वहां सफाई कराने के बाद उस जगह को सैनिटाइज किया जाएगा। - वीरेंद्र यादव, सीएमओ गुरुग्राम