नोट- न्यूज को रात 11 बजे बाद ही ऑनलाइन करें
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम।
जीएमसीबीएल ने रूट नंबर-156 पर दो गुरुगमन सिटी बसों का संचालन शुरू किया है। इस रूट पर सिटी बसों को चलाने की पिछले काफी समय से मांग की जा रही थी। यह बसें गुरुग्राम बस अड्डा व महावीर चौक से वाया जिला कोर्ट, राजीव चौक से होते हुए सेक्टर-56 मेट्रो स्टेशन तक संचालित होगी। इस रूट पर दो सिटी बस चलने से पुराने शहर से न्यू गुरुग्राम तक यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के मिली जानकारी के अनुसार गुरुगमन सिटी बस रोजाना सुबह 6.15 बजे सेक्टर-56 मेट्रो स्टेशन से रवाना होगी। वहीं, दूसरी सिटी बस सुबह 6.20 बजे गुरुग्राम बस अड्डा-महावीर चौक से रवाना होगी। यह दोनों बसें सुबह से शाम तक कई चक्कर लगाएंगी। इस रूट पर सिटी बसों का संचालन शुरू होने से सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। अभी तक सेक्टर-56 से बस अड्डा तक आने के लिए लोगों को अपने निजी वाहनों से आवागमन करना पड़ता है या फिर ऑटो व कैब बुकिंग करनी पड़ती है।
रूट पर सिटी बसों के होंगे स्टॉपेज : रूट नंबर-156 पर सिटी बस को बस अड्डा व महावीर चौक से रवाना होगी, जोकि मोर चौक, जिला कोर्ट, राजीव चौक, एनएच-48 पर सेक्टर-31 चौक, सिग्नेचर टावर चौक, सेक्टर-29, साउथ सिटी-1, मिलेनियर सिटी मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-43, आरडी सिटी, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-52, वजीराबाद, सेक्टर-51, जलवायु टावर, सेक्टर-55 और सेक्टर-56 मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी। इस रूट पर वापसी में सिटी बस इसी रूट से होते हुए वापस बस अड्डा पहुंचेगी।
रूट नंबर-156 पर दो सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया है। सिटी बसें चलने से यात्रियों को पुराने गुरुग्राम शहर व न्यू गुरुग्राम के बीच सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी और आवागमन आसान होगा। - नरेश कुमार, डिपो मैनेजर सेक्टर-10, जीएमसीबीएल।