श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के 350 वें प्रकाश गुरु पर्व में शामिल होने के लिए पांच हजार श्रद्धालुओं को लेकर तीन विशेष ट्रेन पटना साहिब के लिए रवाना हुई। दिल्ली सिक्ख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके और महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने सफदरजंग स्टेशन से विशेष ट्रेनों को रवाना किया।
जीके ने इस अवसर पर कहा कि संगतों में गुरु साहिब के जन्म स्थान के दर्शन के लिए भारी उत्साह है। लगभग 5 हजार सीटों के लिए करीब 15 हजार संगातों ने टिकट हासिल करने की कोशिशें की थी। कमेटी ने स्थानीय कमेटी सदस्यों की लिस्ट को आधार बनाकर पहले आओ-पहले पाओ के सिद्धांत पर ज्यादा से ज्यादा संगतों को भेजने, लंगर और रिहाइश के लिए प्रबंध किए हैं।
दिल्ली कमेटी द्वारा निशुल्क करवाई जा रही इस यात्राकी जानकारी देते हुए जीके ने तीन स्थानों कानपुर, इलाहाबाद और मुगल सराय में लंगरों का प्रबंध करने का दावा किया।
इस अवसर पर सिरसा ने कहा कि दिल्ली कमेटी ने संगतों को शताब्दी समागमों के साथ जोड़ने के लिए सुबह सात बजे, सुबह 11 बजे और दोपहर 2 बजे तीन ट्रेनों में श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधाएं देकर पटना साहिब के लिए रवाना किया गया है।