नई दिल्ली। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पंचम पातशाह गुरु अर्जन देव का शहीदी दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। मुख्य समागम गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब के भाई लखी शाह वंजारा हॉल में आयोजित हुआ, जहां रागी सिंहों के जत्थों ने गुरु की दिव्य वाणी के रसपूर्ण कीर्तन से संगत को निहाल किया।
इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि सिख पंथ में शहादतों की गौरवमयी परंपरा की शुरुआत गुरु अर्जन देव से ही हुई थी। उन्होंने आदि ग्रंथ साहिब के संपादन में गुरु साहिब के अद्वितीय योगदान को याद किया। उन्होंने यह भी बताया कि युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ने के लिए कमेटी के धर्म प्रचार विंग की ओर से आयोजित गुरमति कैंपों में इस वर्ष रिकॉर्ड 20 हजार बच्चे शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिसका समापन 20 और 21 जून को होगा। समागम में बाबा हरबंस सिंह कार सेवा वालों की संप्रदाय की ओर से दिल्ली में की जा रही सेवाओं के 50 वर्ष पूरे होने पर उनके योगदान की सराहना की गई। वर्तमान में इस सेवा की अगुवाई कर रहे बाबा बचन सिंह की देखरेख में 20 जून की शाम को बाबा हरबंस सिंह की स्मृति में विशेष दीवान सजाए जाएंगे। पदाधिकारियों ने संगत से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। संवाद