गाड़ियों पर खड़े होकर तिरंगा लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर युवाओं द्वारा महंगी गाड़ियों पर स्टंटबाजी करने का शौक अन्य वाहनों के लिए खतरा बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में थार, स्कॉर्पियो समेत कई लग्जरी गाड़ियों के साथ कुछ युवक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए स्टंट कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो स्वतंत्रता दिवस का है, जब गाड़ियों पर तिरंगा लगाकर युवकों ने एक्सप्रेसवे पर खतरनाक स्टंट किए।
वायरल वीडियो में 10 से अधिक गाड़ियां तेज रफ्तार में दौड़ती दिखाई दे रही हैं। कई गाड़ियों पर नंबर प्लेट नहीं है, जबकि कुछ वाहनों के नंबर टेप से ढके हुए नजर आ रहे हैं। युवक बीच सड़क पर गाड़ियां रोककर जाम जैसी स्थिति पैदा करते हैं और कुछ लोग गाड़ी की छत पर खड़े होकर तिरंगा लहराते दिखाई देते हैं। इसके अलावा कई युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आते हैं।
वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि वाहन चालक तेज रफ्तार में अचानक लेन बदल रहे हैं और कट मारते हुए आगे बढ़ रहे हैं। इस तरह की लापरवाही किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर वाहनों की पहचान की जा रही है। जल्द ही स्टंट करने वाले युवकों की पहचान की जाएगी।