सोहना। अभयपुर गांव के युवकों ने सोमवार सुबह दमदमा स्कूल की कक्षा में पढ़ रहे छात्रों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसमें चार छात्र व तीन छात्राएं घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद छात्रों के अभिभावक स्कूल परिसर में पहुंचे। आरोपी छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज करने व स्कूल को अपग्रेड कराने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। बाद में समझा बुझाकर पुलिस ने उन्हें धरने से उठाया। इस मामले को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने पंचायत करने की बात कही है।
गांव अभयपुर के सरपंच सुनील खटाना का कहना है कि जो भी घटना स्कूल में घटी है, वह निंदनीय है। परीक्षा के दौरान हुई नकल को लेकर छात्रों में आपसी रंजिश चल रही थी। वहीं उन्होंने बताया कि जिन बच्चों ने इस घटना को अंजाम दिया है, उन बच्चों को स्कूल से सस्पेंड कराया जाएगा। गांव दमदमा के सरपंच श्योराज का कहना है कि स्कूल में भी हमारे बच्चे सुरक्षित नहीं हैं। हम बच्चों को स्कूल तब तक नहीं भेजेंगे, जब तक हमारे स्कूल को सरकार अपग्रेड नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि गांव के दो सैनिक शहीद हो गए थे। इसी को लेकर हमने गांव के स्कूल को अपग्रेड कराने की बात कही थी। मुख्यमंत्री के समक्ष भी मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा भी कर दी थी। सभी शर्तें पूरी होने के बावजूद भी स्कूल अपग्रेड आज तक नहीं हुआ। मंगलवार को स्कूल में एक पंचायत का आयोजन किया गया है। इसमें स्कूल अपग्रेड से संबंधित कुछ बातें रखी जाएंगी। उसके बाद स्कूल के विद्यार्थी एसीपी से मिलने पहुंचेंगे। एसीपी सोहना प्रवीण मलिक के अनुसार पुलिस ने अध्यापक के बयान पर अभयपुर के रहने वाले छात्रों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है। जांच चल रही है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।