जिला युवा महोत्सव में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मौका
- लोकगीत, लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक समेत छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं, विजेताओं को मिलेंगे 4100, 3100 और 2100 रुपये
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। युवाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर दिखाने के लिए जल्द ही बड़ा मंच मिलने जा रहा है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गुरुग्राम में जिला युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा कौशल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की ओर से आयोजित इस महोत्सव में 15 से 29 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। इसमें लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन और लोक वाद्य यंत्र सहित छह विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
नशामुक्त भारत की थीम पर होगा आयोजन-
इस बार जिला युवा महोत्सव की थीम ''नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत'' रखी गई है। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है। प्रतियोगिताओं के जरिए युवा अपनी कला और विचारों को मंच पर प्रस्तुत कर सकेंगे।
छह विधाओं में दिखा सकेंगे प्रतिभा-
महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन और लोक वाद्य यंत्र की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। इसके लिए प्रतिभागियों का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। आयोजकों की ओर से युवाओं को समय रहते पंजीकरण कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।
विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार-
जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 4100 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 3100 रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 2100 रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं, राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संस्थानों के माध्यम से होगा प्रचार-
आईटीआई के प्रधानाचार्य रविंद्र यादव ने बताया कि अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों, आईटीआई और युवा संगठनों के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा के दम पर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की अपील की।