सीबीएसई की पहल पर तैयार किया गया एक सप्ताह का वर्चुअल मानसिक स्वास्थ्य श्रृंखला कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की ओर से 4 से 10 अक्तूबर तक वर्ल्ड मेंटल हेल्थ वीक के अवसर पर वर्चुअल मानसिक स्वास्थ्य श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। सीबीएसई ने बताया कि यह पहल छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों को मानसिक लचीलापन विकसित करने में सहायता करने के लिए किया जा रहा है।
सप्ताह भर चलने वाली श्रृंखला में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेषज्ञों की ओर से विविध विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। एम्स के मनोचिकित्सा विभाग के विशेषज्ञ पॉजिटिव मेंटल हेल्थ, तनाव प्रबंधन, डिजिटल युग में लचीलापन, एडोलसेंट में हाई रिस्क बिहेवियर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाल रहे हैं। गुरुग्राम के सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के छात्र, शिक्षक, काउंसलर और अभिभावक इस वर्चुअल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन सत्रों में भाग लेकर लाभ उठा सकते हैं।
क्या है हाई रिस्क बिहेवियर
हाई रिस्क बिहेवियर का अर्थ ऐसे कार्यों या आदतों से है जो किसी व्यक्ति या दूसरों को बीमारी, चोट या गंभीर सामाजिक या मनोवैज्ञानिक परिणामों का खतरा पैदा करती है। इनमें शराब या नशीली दवाओं का सेवन, असुरक्षित यौन संबंध, खराब खान-पान, शारीरिक गतिविधि की कमी और अत्यधिक तेज गति से गाड़ी चलाना जैसे व्यवहार शामिल हैं।