पलवल के गांव पृथला में जमानत पर चल रहे युवक की बाइक के पीछे युवक ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के साले की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज लिया है। अभी तक पुलिस आरोपी की पहचान नहीं कर पाई है। फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।
गदपुरी थाना पुलिस के अनुसार गांव बहीन निवासी ओमबीर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी छोटी बहन मुकेश की शादी पृथला गांव निवासी संदीप उर्फ गोविंदा के साथ की हुई है। संदीप फरवरी 2022 से नीमका जेल फरीदाबाद से जमानत पर आया हुआ था। 23 सितंबर को वह अपनी बहन व जीजा से मिलने के लिए पृथला गया था। वह अपने जीजा के साथ घर पर बैठ कर बात कर रहा था, तभी जीजा संदीप के फोन पर किसी का फोन आया।
फोन पर बात कर संदीप उसकी बाइक को लेकर गांव के अड्डे पर चले गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वह अपने जीजा को देखने के लिए पैदल-पैदल बस स्टैंड की तरफ चल दिया। रास्ते में संदीप सामने से उसे बाइक पर आते दिखाई दिए। बाइक पर पीछे एक युवक भी बैठा हुआ था। जब उसके जीजा कुछ दूरी पर थे तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी और उसके जीजा बाइक सहित जमीन पर गिर पड़े।
पीड़ित का कहना है कि पीछे बैठे युवक ने संदीप के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। उसने ग्रामीणों की मदद से संदीप को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के बादशाह खान अस्पताल भेज दिया गया, जहां शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक संदीप के परिजन ओमबीर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक संदीप उर्फ गोविंदा के खिलाफ विभिन्न थानों में लड़ाई-झगड़े, लूट, हत्या का प्रयास, चोरी व अवैध हथियार रखने के करीब 28 मुकदमें दर्ज हैं। फरवरी माह में संदीप जमानत पर बाहर आया था। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- दीपचंद, गदपुरी थाना प्रभारी