मृतक अनुज त्रिपाठी का फाइल फोटो फोटो- परिजन
मौसेरे भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। 17 नवंबर को फरीदाबाद रोड स्थित कुतुब प्लाजा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने मृत युवक के मौसेरे भाई कन्हैया चौधरी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है।
मृतक की पहचान इटावा, उत्तर प्रदेश के सुनवर्षा गांव निवासी अनुज त्रिपाठी (28) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में परिवार के साथ आरआर कॉलोनी, कादरपुर रोड, बादशाहपुर में रहता था। अनुज अपने पिता शंकर त्रिपाठी की सिकंदरपुर मार्केट स्थित शीशे की दुकान पर काम करता था।
17 नवंबर की दोपहर करीब 2.30 बजे वह डीएलएफ फेज-1 में शीशे के फरमे लेने गया था। दुकान पर वापस आते समय यह हादसा हुआ। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल अनुज को डीएलएफ फेज-3 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एंबुलेंस स्टाफ ने परिवार वालों को घटना की सूचना दी। बुधवार की सुबह करीब 4 बजे अनुज त्रिपाठी की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को ही मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया।
स्कूटी को टक्कर मारकर हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद चालक को गिरफ्तार कर मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार