ओल्ड दिल्ली रोड पर लहूलुहान हालत में मिला शव, परिवार वालों ने दो युवकों पर लगाए हत्या के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र में ओल्ड दिल्ली रोड पर पार्क अस्पताल के पास 24 अगस्त ही सुबह एक युवक लहूलुहान हालत में मिला। जांच में सामने आया कि नुकीली वस्तु से वार कर युवक की हत्या की गई है और उसके सिर, माथे व गले के नीचे चोट के निशान मिले। सूचना मिलने पर उद्योग विहार थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम व फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों की टीम से निरीक्षण कराया। मृतक युवक के परिवार वालों ने दो नामजदों सहित अन्य युवकों हत्या करने आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
मृत युवक की पहचान गुरुग्राम के डूंडाहेड़ा गांव निवासी हरिजीत कुमार (33) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार युवक (मृतक) नशा करने का आदी था और कोई काम या नौकरी नहीं करता था। परिवार वालों ने कई बार युवक की नशे की लत छुड़वाने के लिए दिल्ली स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। बताया जा रहा है कि करीब छह माह पहले ही वह नशा मुक्ति केंद्र से इलाज कराकर वापस घर आया था। कुछ ही दिनों बाद फिर से नशा करने लगा था।
परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त की शाम तक हरिजीत कुमार घर पर ही था। इसके बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मृत युवक के परिवार वालों ने आरोप लगाए हैं कि 23 अगस्त की शाम को वह अपने दोस्तों हरकेश, मोनू नेपाली व अन्य के साथ कहीं चला गया था। इसके बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। 24 अगस्त की सुबह हरिजीत कुमार ओल्ड दिल्ली रोड स्थित पार्क अस्पताल के पास लहूलुहान हालत मृत अवस्था में पड़ा था। राहगीरों ने इसके बारे में सुबह करीब 4 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद उद्योग विहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उसके परिवार वालों ने दोस्तों पर ही हत्या करके शव फेंकने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके बीच नशा करने को लेकर झगड़ा होता रहता था।
मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिवार वालों ने जिन लोगों के नाम प्राथमिकी में दर्ज कराए हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही युवकों को गिरफ्तार करके पूछताछ व आगामी कार्रवाई की जाएगी। मामले में कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
- राममेहर, जांच अधिकारी, उद्योग विहार थाना