अशोक विहार फेस एक निवासी युवक ने साइबर थाने में दर्ज कराया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अशोक विहार फेस एक निवासी एक युवक को साइबर ठगों ने आनलाइन पार्ट टाइम जाॅब देने का झांसा देकर उससे 21 लाख रुपये ठग लिए। यह रुपये उससे कई बार में जमा कराए गए। जब रुपये वापस मांगे तो देने से मना कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना पश्चिम में मामला दर्ज कराया।
अशोक विहार फेस एक निवासी अनुज कौशिक ने साइबर वेस्ट थाना पुलिस को बताया सात अगस्त को एक व्यक्ति की तरफ से व्हाट्सएप संदेश आया। जिसमें उसे आनलाइन पार्ट टाइम मोटी कमाई पर काम देने की बात कही गई थी। ठगों ने उसे अपने जाल में फंसाने के लिए पहले कुछ पैसे भी दिए।
व्हाट्सएप से उन्हें टेलीग्राम एप पर एक ग्रुप से जोड़ दिया गया। यहां यूट्यूब पर वीडियो लाइक करने और चैनल सब्सक्राइब करने के नाम पर पहले एक दो दिन डेढ़ सौ रुपये दिए गए। इसके बाद उनसे इन्वेस्ट के नाम पर लाखों रुपये जमा कराए गए। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो और पैसे जमा करने की बात कही गई। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि उनसे कुल 21 लाख रुपये ठग लिए गए।