बाइक फिसलने से युवक का डिवाइडर से टकराया सिर, हुई मौत... संबंधित फोटो मृतक राजीव उर्फ बिट्ट
दोस्तों के साथ बाइक राइडिंग के लिए निकला था, ग्वाल पहाड़ी के पास हो गया हादसा
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा, पुलिस कर रही छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-1 थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह बाइक फिसलने से युवक सड़क पर गिर गया। युवक का सिर डिवाइडर से टकराने पर गंभीर चोटें लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
मृतक की पहचान फरीदाबाद के गाजीपुर रोड स्थित उत्तम नगर निवासी राजीव उर्फ बिट्टू (21) के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार राजीव तीन बहनों का इकलौता भाई था और फरीदाबाद की निजी कंपनी में काम करता था। रविवार सुबह वह दोस्तों के साथ बाइक राइडिंग के लिए निकला था। सुबह करीब 6 बजे जब बाइकें गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर ग्वाल पहाड़ी के पास पहुंची तो तेज रफ्तार होने के कारण राजीव की बाइक उसके अन्य दोस्तों की बाइकों से आगे निकल गई। थोड़ी दूर पर ही टोल प्लाजा से आगे फ्लाईओवर से उतरते समय राजीव उर्फ बिट्टू की पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। इसके बाद उसका सिर सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से आए दोस्त उसे पास के निजी अस्पताल में लेकर गए जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बाइक फिसलकर गिरने व सिर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। राजीव अपने दोस्तों के साथ बाइक लेकर निकला था और हादसे का शिकार हो गया। मामले की छानबीन ग्वाल पहाड़ी चौकी की पुलिस कर रही है। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता