होडल। मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव तुमसरा में 15 अगस्त की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह आईसीयू में उपचाराधीन है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
राजस्थान के करौली जिले निवासी रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका छोटा भाई गोपाललाल अपनी पत्नी इंद्रा के साथ 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे बस से तुमसरा गांव पहुंचा था। बस से उतरने के दौरान सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने गोपाललाल को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुंडकटी थाना प्रभारी कैलाश चंद ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन चालक की तलाश कर रही है।