पुन्हाना। शहर थाना क्षेत्र में एक युवक को मोटरसाइकिल चोरी का प्रयास करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के गांव मीलखेड़ा निवासी लियाकत पुत्र अली हुसैन ने बताया कि वह एक सरपंच के घर पर कार्य करता है। उसने अपनी मोटरसाइकिल को गैरेज में खड़ा किया हुआ था। 22 जुलाई की शाम करीब 7 बजे उसने साजिद पुत्र अहमद को गैरेज की ओर जाते हुए देखा। कुछ देर बाद जब वह वहां पहुंचा तो आरोपी उसकी मोटरसाइकिल का लॉक कथित तौर पर चोर चाबी से तोड़ चुका था और बाइक स्टार्ट करने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि उसने मौके पर ही आरोपी को मोटरसाइकिल और चोर चाबी सहित पकड़ लिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जांच अधिकारी सुधीर का कहना है कि गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया। संवाद