दो दिन पहले सड़क के किनारे मिला था शव, परिजनों के आने के बाद हुआ खुलासा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़की दौला थाना क्षेत्र में रहने वाले 24 साल के युवक की पीट-पीट कर हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव दो दिन पहले सड़क के किनारे मिला था। बिहार से परिजनों के आने के बाद मंगलवार शाम को शव की पहचान हुई है। खेड़की दौला थाना पुलिस ने पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
खेड़की दौला पुलिस के अनुसार मरने वाले की पहचान 24 वर्षीय सनोज के रूप में हुई है। वह निजी कंपनी में काम करता था। खेड़की दौला गांव के पास वह किराये पर दो साल से रह रहा था। उसका पड़ोस में रहने वाले से विवाद चल रहा था। परिवार वालों से उसका पांच दिन से कोई संपर्क नहीं हुआ था। पुलिस ने शव की पहचान के बाद उसके परिजनों को सूचना भेजी। उनके आने के बाद शव की पहचान हुई है। बुधवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
खेड़की दौला थाना प्रभारी महेन्द्र पाठक ने बताया कि युवक की हत्या के आरोपी की पहचान हो चुकी है। उसे दबोचने के लिए पुलिस की एक टीम रवाना हो चुकी है। जल्द ही हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।