संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गांव बहोड़ा कलां में गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक पर नुकीले हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बहोड़ा कलां निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि 28 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे वह अपने पिता के साथ काम पर जाने के लिए गली के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव निवासी राहुल वहां आया और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगा। नरेश ने उसकी बातों को नजरअंदाज किया और बाजार की ओर जाने लगा। आरोप है कि राहुल ने उसका रास्ता रोककर दोबारा गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने पास में बैठे मोची के पास से नुकीला औजार उठाकर नरेश पर हमला कर दिया। हमले में नरेश घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल विक्की ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।