सिविल लाइन थाना में दर्ज की गई प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने 328 किलो 650 ग्राम अवैध पटाखों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-15 पार्ट टू निवासी संदीप के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस को एक व्यक्ति ने 24 अक्तूबर 2026 को पुलिस को सूचना दी थी। उसने बताया कि वो 2-3 महीने से घर से बाहर गए हुए थे। अब वापस लौटे तो उनके सेक्टर-15 पार्ट टू स्थित मकान में काफी मात्रा में पटाखे रहे हुए हैं। उन्होंने अपने भाई पर पटाखे रखने का आरोप लगाया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार दो नवंबर को आरोपी संदीप को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 328 किलो 650 ग्राम पटाखे बरामद किए गए। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह ये पटाखे बेचने के उद्देश्य से लाया था। संदीप की सदर बाजार ट्रैंक मार्केट गुरुग्राम में खिलौने की दुकान है।