हादसे के प्रत्यक्षदर्शी की शिकायत पर बिलासपुर थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में पचगांव के पास केएमपी फ्लाईओवर के नीचे 28 मार्च की देर रात कैंटर ने एक युवक को टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल युवक की 18 दिन बाद 16 अप्रैल को पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृत युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी रितिक की शिकायत पर बिलासपुर थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ सड़क हादसे में मौत संबंधित धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
बोहड़ा कलां गांव निवासी रितिक ने पुलिस को बताया कि वह 28 मार्च की रात को दिल्ली से घर लौट रहा था। रात करीब 2.30 बजे पचगांव के पास केएमपी फ्लाईओवर के नीचे पहुंचा तो एक कैंटर ने सड़क किनारे चल रहे एक युवक को टक्कर मार दी और चालक कैंटर को धारूहेड़ा की ओर भगा ले गया। घायल युवक की उम्र करीब 35 साल थी। उसे उपचार के लिए पटौदी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की हालत गंभीर होने के चलते उसे रोहतक के पीजीआई में रेफर कर दिया था जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी एएसआई घनश्याम ने बताया कि हादसे में घायल युवक कोमा में था और 16 अप्रैल को उसकी मौत हो गई थी। युवक की पहचान नहीं हो पाई। रविवार को मृत युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार कराया गया है। अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन की जा रही है।