फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: लोहे की चारपाई में उतरा करंट, युवक की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
चचेरी बहन के साथ किराये के घर में रहकर करता था मेहनत-मजदूरी
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मानेसर थाना क्षेत्र के नाहरपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में लोहे की फोल्डिंग चारपाई 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे एक युवक बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बिजली सप्लाई बंद कराकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। मामले में अभी तक थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान कानपुर देहात के पुखरायां गांव निवासी अजीत के रूप में हुई है। अजीत अविवाहित था और अपनी चचेरी बहन गीता के साथ नाहरपुर गांव में किराये के मकान में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था।
विज्ञापन

गीता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार रात को घर का पंखा खराब हो गया था, जिसके बाद दोनों छत पर सोने चले गए। रात में मच्छरों और ठंड के कारण अजीत ने नीचे आने की बात कही। गीता बिस्तर लेकर नीचे आ गई, जबकि अजीत लोहे की फोल्डिंग चारपाई लेकर नीचे उतरा।
घर के सामने बनी बालकनी से गुजरते हुए, जैसे ही अजीत ने चारपाई कमरे में लाने की कोशिश की, वह सामने से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। अचानक जोरदार धमाका हुआ और चारपाई के साथ अजीत के कपड़ों में आग लग गई।
गीता के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और लकड़ी की मदद से चारपाई को बिजली के तारों से अलग किया। लेकिन तब तक करंट और आग की चपेट में आने से अजीत की मौत हो चुकी थी।
मृतक अजीत के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी की बात चल रही थी, लेकिन अजीत कहता था कि वह पहले कुछ पैसा कमाना चाहता है, फिर शादी करेगा। परिवार ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि बेटे की मौत इस तरह अचानक हो जाएगी।
विज्ञापन

मानेसर थाना पुलिस ने हादसे की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग से घटना के तकनीकी कारणों की जानकारी मांगी है।
जांच अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर बीएनएस की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी गई है। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध बात या शिकायत सामने आती है, तो उसी के आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें