पिनगवां। फलेंडी गांव के युवक की कन्नूर के पास मगदूद गांव में आसमानी बिजली गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आरिफ पुत्र समसुद्दीन निवासी फलेंडी के रूप में हुई है, जो ट्रक चालक का काम करता था।
जानकारी के अनुसार आरिफ ट्रक में पपीता भरकर लौट रहा था। जैसे ही वो कन्नूर के पास मगदूद गांव पहुंचा तो वहां मौसम खराब था। आसमान में काले बादल छाए हुए थे, तेज गर्जना हो रही थी और बिजली लगातार चमक रही थी। परिजनों ने बताया कि हादसे के समय आरिफ फोन पर बात कर रहा था। तभी अचानक तेज आवाज के साथ आसमानी बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शनिवार को जैसे ही आरिफ का शव गांव फलेंडी पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। संवाद
फोटो कैप्शन:- फाइल फोटो मृतक आरिफ