सुसाइड नोट नहीं मिला, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना के अंतर्गत डूंडाहेड़ा गांव में युवक ने 30 मार्च की शाम को फंदा लगाकर आत्महत्या कर कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने कमरे से शव कब्जे में लिया और एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से कमरे का निरीक्षण कराया। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृतक की पहचान चंदौली (उत्तर प्रदेश) के कारसीला गांव निवासी सत्यम (26) के रूप में हुई है। वह डूंडाहेड़ा में कमरा किराये पर लेकर रहता था व उद्योग विहार की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। 30 मार्च की शाम को उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात करीब 9 बजे पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने सत्यम को कमरे में फंदे पर लटका हुआ पाया तो अन्य लोगों को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक व पुलिस को सूचना दी गई। जांच अधिकारी एसआई हरीश कुमार ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से युवक द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।