गुरुग्राम के भुड़का गांव में 24 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी भर्ती की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई के दबाव में तनावग्रस्त था।
गुरुग्राम के बिलासपुर थाना के अंतर्गत भुड़का गांव में पढ़ाई के प्रेशर से परेशान युवक ने 11 अक्तूबर की शाम को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराकर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई व छानबीन कर रही है। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गुरुग्राम के भुड़का गांव निवासी विशाल (24) के रूप में हुई है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं व सरकारी भर्ती की तैयारी कर रहा था। परिजनों के अनुसार वह पिछले काफी समय से पढ़ाई को लेकर तनाव में रहता था। 11 अक्तूबर की शाम को विशाल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो उसके भाई ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो विशाल फंदे पर लटका मिला। भाई ने तुरंत उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार वालों ने घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सोमवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में युवक के तनाव में आकर आत्महत्या की बात सामने आई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। -संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।