गुरुग्राम। गांव सरहौल निवासी एक युवक ने बेटी की गला घोंटकर हत्या के बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक मूल रूप से नेपाल का निवासी था और शराब का आदी था। वह पिछले काफी समय से बेरोजगार था। कोई आमदनी न होने की वजह से वह काफी तनाव में था। मृतक की पत्नी की शिकायत पर सेक्टर-37 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में युवक द्वारा बेटी की हत्या करने के बाद आत्महत्या की बात स्पष्ट कर दी है।
मृतक की पत्नी अमृता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति मोतीलाल नेपाल के जिला बनियानी अंतर्गत गांव झापा का निवासी था। 2007 में शादी हुई थी। दोनों बच्चे सचिन (12) और खुशी (10) पिता के साथ रह रहे थे। महिला के मुताबिक, शुरुआत में तो सब कुछ ठीक चला लेकिन बाद में उसके पति को शराब की लत लग गई। इसकी वजह से दोनों में आए दिन झगड़े होते रहते थे।
पिछले तीन साल से अलग रह रही थी
पिछले तीन साल से वह अपने पति व बच्चों से अलग सरहौल गांव में रह रही थी। वहीं, पति दोनों बच्चों के साथ गांव नरसिंहपुर में रहता था। पिछले मंगलवार को उसके बेटे ने फोन करके बताया कि पापा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद वह नरसिंहपुर पहुंची तो देखा कि उसकी बेटी भी मृत अवस्था में पलंग पर पड़ी है। बेटी के गले पर खरोंच के निशान थे। मामले में सेक्टर-37 थाना प्रभारी (निरीक्षक) शैलेंद्र ने बताया कि युवक ने बेटी की हत्या करने के बाद खुद भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस मामले की विभिन्न एंगल से जांच कर रही है।