सात गवाहों को सुनने के बाद अदालत ने सुनाया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दस माह पहले रेलवे स्टेशन से जा रहे राहगीर का फोन झपटने के मामले में पुलिस द्वारा बनाए गए आरोपी चंदन निवासी आगरा को अदालत ने बरी कर दिया है। इस मामले में सात गवाहों को सुना गया था। यह आदेश सत्र न्यायाधीश सुभाष मेहला ने दिया है। मामला थाना जीआरपी में दर्ज हुआ था।
गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से दस अगस्त 2023 को मिथुन पैदल ही सराय स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आया एक अज्ञात युवक मिथुन का फोन छीनकर मौके से फरार हो गया था। अगले दिन मिथुन अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपनी शिकायत दर्ज करने के लिए थाना जीआरपी आ रहे थे, उसी वक्त मिथुन ने मोबाइल झपटमार को देखा और परिवार के सदस्यों की मदद से पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने आरोपी से फोन बरामद कर सबूत के तौर पर सील कर दिया था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया था।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोपी की गलत पहचान की है, जिरह में उसने कबूल भी किया और उसका फोन रेलवे लाइन के पास पड़ा मिला था। शिकायतकर्ता पांच बजे तक नौकरी पर था, तो यह कैसे संभव हो सकता है कि युवक ने यह घटना शाम के चार बजे की हो। अभियोजन पक्ष अपना मामला साबित करने में असफल रहा है। अदालत पुलिस के द्वारा बनाए गए आरोपी को आरोपों से दोषमुक्त करती है।