नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने बृहस्पतिवार को आप नेताओं को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेताओं ने अपनी सरकार के समय दबाव बनाकर महंगे मोबाइल खरीदे थे जबकि वे सादा जीवन और उच्च विचार का दावा करते थे लेकिन वे सरकारी पैसे से महंगे फोन लेने की होड़ में जुटे थे।
दिल्ली सचिवालय में संवाददाता सम्मेलन में सूद ने सबूत दिखाते हुए आरोप लगाया कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए महंगे मोबाइल खरीदे थे। वर्ष 2013 से तय सीमा के अनुसार मुख्यमंत्री को 50,000 रुपये और मंत्रियों को 45,000 रुपये तक के मोबाइल खरीदने की अनुमति थी लेकिन आप नेताओं ने डेढ़ से दो लाख रुपये तक के फोन खरीदे और बाद में भुगतान के लिए सरकार पर अनुचित दबाव डाला। केजरीवाल ने 2015 से 2022 के बीच चार आईफोन खरीदे। इनमें 81,000, 69,000, 1.39 लाख और 1.63 लाख रुपये के आईफोन शामिल थे। मनीष सिसोदिया ने भी कई फोन खरीदे जिनकी कीमत 1.66 लाख रुपये तक थी। इतना ही नहीं कोविड के समय जब देश संकट में था तब भी ये नेता खुद के लिए महंगे फोन खरीद रहे थे। आतिशी ने 1.27 लाख रुपये का आईफोन लिया और पेमेंट को दो हिस्सों में करवा दिया ताकि नियमों का उल्लंघन न दिखे। सौरभ भारद्वाज ने भी 61,000 रुपये का फोन लिया जबकि सरकार ने सिर्फ 45,000 का भुगतान किया। उन्हें लगा था जैसे बड़े नेताओं के बिल निकल गए वैसे ही उनका भी निकल जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हो सका।