गुरुग्राम। सेक्टर-9ए स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर परिसर में शनिवार को निशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर के धर्माचार्य हरीश उपाध्याय ने बताया कि योग शिक्षक शुभम ने प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित योग करने का महत्व समझाया। उन्होंने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया तथा तनावमुक्त जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। योग शिक्षक ने संतुलित खान-पान और नियमित दिनचर्या अपनाने के टिप्स भी दिए। उन्होंने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से ब्लड प्रेशर, मधुमेह, मोटापा और तनाव जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है। शिविर के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। ब्यूरो