गुरुग्राम और मानेसर की हवा में सुधार नहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में बीते हफ्ते से तेज धूप के कारण दिन में गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों अधिकतम तापमान 25 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप तेज रहने से लोग हल्के कपड़ों में नजर आए, जबकि सुबह और शाम चलने वाली ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बनाए रखी।
वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं होन से हवा जहरीली स्तर पर बनी हुई है। सोमवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार को गुरुग्राम का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 296 और मानेसर का 246 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी के साथ आरेंज श्रेणी में रहा। दिल्ली-एनसीआर में गुरुग्राम की हवा सबसे ज्यादा जहरीली रही, जिससे लोगों को बिना मास्क बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन की ओर से वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास के बाद भी हवा जहरीली बनी हुई है। निर्माण कार्यों पर निगरानी, सड़कों पर पानी का छिड़काव, कूड़ा जलाने पर रोक और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बावजूद इसके कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो पा रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम में सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।