35 इमारतों में नियमों का उल्लंघन , 17 अन्य आर्किटेक्ट को भी नोटिस देने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गलत तरीके से ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) देने पर ऑर्किटेक्ट भी सवालों के घेरे में आ रहे हैं। 18 आर्किटेक्ट को नोटिस देने के बाद आर्किटेक्टों में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। अब से पहले विभाग के माध्यम से ही ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट जारी किया जाता था। अब 17 आर्किटेक्ट को और नोटिस दिए जाने की तैयारी चल रही है।जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) की ओर से ओसी जारी होने के बाद किए जा रहे अवैध निर्माण की जांच करने के लिए टीम का गठन किया गया था। टीम की तरफ से डीएलएफ फेज एक, दो, तीन, चार, सुशांत लोक-एक, दो, तीन, बीपीटीपी एम्सटोरिया सेक्टर-104, एमरल्ड हिल्स सेक्टर-65, मेफील्ड गार्डन, ब्रहा सिटी कालोनियों में करीब 45 मकानों का निरीक्षण किया गया। साथ ही जुलाई महीने में आर्किटेक्ट द्वारा जारी किए गए ओसी में से करीब 19 मकान और एक अगस्त से दस अगस्त के बीच जारी हुए ओसी में से करीब 26 मकान रेंडम चुने थे।
35 इमारतों में नियमों का उल्लंघन पाया गया।अभी 18 इमारतों के मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। अगले दो से तीन दिन में 17 मकानों के मालिकों को भी नोटिस जारी कर दिए जाएंगे।