मोर चौक के पास अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते सीटू हरियाणा राज्य कमेटी के सदस्य।
- फोटो : Gurgaon
गुुरुग्राम। किसान आंदोलन के समर्थन में रविवार को श्रमिक यूनियन सीटू की अगुवाई में किसानों व श्रमिकों ने शहर में विशाल रैली निकाली। इसमें करीब एक हजार श्रमिकों, कर्मचारियों व किसानों ने हिस्सा लिया। श्रमिकों की रैली लघु सचिवालय से शुरू होकर राजीव चौक होते हुए मोर चौक तक पहुंची और यहीं पर रैली का समापन हुआ।
रैली में सिर्फ गुुरुग्राम ही नहीं बल्कि सोहना, मानेसर व पटौदी समेत आसपास के इलाकों के श्रमिकों ने भी हिस्सा लिया। सीटू ने रविवार को गुरुग्राम के साथ ही पड़ोसी जिलों नूंह व रेवाड़ी में भी रैली निकाली। इस अवसर पर किसानों व श्रमिकों ने सरकार विरोधी नारे भी लगाए। सीटू के जिला कार्यकारिणी में शामिल सतबीर ने कहा कि सरकार किसानों की मांगों को न पूरा कर अपनी किसान विरोधी मानसिकता का परिचय दे रही है। जब कड़ाके की ठंड में लोग अपने घरों में सो रहे हैं, तब देश का किसान दिल्ली की सीमा पर डटा हुआ है।
सरकार ने किसानों की बिजली व पानी की सप्लाई बंद कर अपनी तानाशाही मानसिकता का परिचय दिया है, जिसे किसानों के आगे झुकना ही होगा। वहीं, अन्य किसानों ने कहा कि जब तक ये तीनों कानून वापस नहीं हो जाते हमारा संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर यातायात व्यवस्था दुुरुस्त करने के लिए जगह-जगह बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।